ड्यूटी पर जाते समय एक चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी की दो हस्ताक्षर युक्त ब्लैंक चेक खो गया। सात माह बाद प्रयागराज के एक व्यक्ति ने चेक के आधार पर 12 लाख रुपये की मांग कर नोटिस भेजा दिया। इसकी जानकारी होने पर पीड़ित ने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया। कोर्ट के आदेश पर करारी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कौशाम्बी थाना क्षेत्र के बैगवां फतेहपुर निवासी रामनारायण क्षेत्र के मझियारी चक एलई रोशन में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के पद पर तैनात हैं। उन्होंने बताया कि 23 अगस्त 2024 को ड्यूटी पर जाते समय अवाना और भटवरिया के बीच उनकी बैंक ऑफ बड़ौदा शाखा बिदांव के दो ब्लैंक चेक रास्ते में कहीं गिर गए। इस पर उन्होंने 27 अगस्त 2024 को संबंधित बैंक शाखा प्रबंधक को सूचना देकर चेक क्लोज करा दिया।
इसके बावजूद 26 मार्च 2025 को उन्हें डाक से नोटिस मिला। इसमें जिलाजीत सिंह यादव पुत्र मोतीलाल यादव, निवासी जलालपुर घोसी, प्रयागराज ने 12 लाख रुपये की मांग की थी।
रामनारायण ने बताया कि वह नोटिस भेजने वाले व्यक्ति को पहचानते तक नहीं हैं। इस मामले की शिकायत उन्होंने कौशाम्बी कोतवाली और विभागीय अधिकारियों से की लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने न्यायालय में प्रार्थनापत्र दिया। कोर्ट के निर्देश पर करारी पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।