पिपरी कोतवाली के एक गांव में चार पड़ोसी युवक एक घर में घुस कर छात्रा व उसकी बहनों के साथ दुराचार का प्रयास किए। शोर मचाने पर आरोपी युवक धमकी देते हुए भाग निकले। तहरीर के बाद भी कोतवाली पुलिस के कार्रवाई नहीं करने पर पीड़ित बहनों ने बृहस्पतिवार को मामले की शिकायत एसपी से की।
पिपरी कोतवाली के एक गांव में रहने वाली एमए की छात्रा अपनी दो बहनों के साथ मंगलवार को घर पर थी। उसके पिता रिस्तेदारी में गए हुए थे। रात में करीब 10 बजे छात्रा पढ़ाई कर रही थी, तभी पीछे की दीवार फांदकर उसके घर में पड़ोस के चार युवक आ गए। पहले तो युवकों ने उसके पिता को पूछा और खोजबीन की तो छात्रा ने बताया कि वह रिश्तेदारी गए हुए हैं। इसके बाद युवकों ने छात्रा और उसकी दो अन्य बहनों के साथ दुराचार करने की कोशिश की। इस पर छात्रा सहित उसकी बहनों ने शोर मचाया।
शोकर सुनकर पास पड़ोस के लोग घर की ओर दौड़ पड़े। लोगों के आने पर पड़ोसी युवक छात्रा सहित बहनों को धमकाते हुए घर से भाग निकले। खबर पाकर रात में ही छात्रा के पिता घर आए और बुधवार को छात्रा के साथ पिपरी कोतवाली पहुंचे, जहां पर उन्होंने पुलिस से शिकायत कर दी। लेकिन पुलिस ने कार्रवाई करना तो दूर, उसकी रिपोर्ट तक नहीं दर्ज की। इस पर खफा छात्रा पिता के साथ बृहस्पतिवार को एसपी कार्यालय मंझनपुर पहुंची और मामले की शिकायत पुलिस अधीक्षक से करते हुए न्याय की गुहार लगाई। एसपी ने जांच कराकर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।