कोखराज के कसिया पश्चिम गांव में मंगलवार की सुबह जमीन को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। इसके बाद कुल्हाड़ी व लाठी-डंडे से हमले में आठ लोग जख्मी हो गए। तहरीर पर पुलिस ने एक पक्ष के छह लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर सभी को मेडिकल कॉलेज मंझनपुर में भर्ती कराया।
कसिया पश्चिम गांव की लक्ष्मी देवी मंगलवार की सुबह खेत की मेड बना रही थी। इस दौरान सह खातेदार रोकने लगे। इसके बाद दोनों में विवाद होने लगा। इस दौरान एक पक्ष ने लाठी-डंडे व कुल्हाड़ी से हमला बोल दिया। मारपीट में लक्ष्मी देवी, रेशमा, लवलेश, रोशनी देवी, प्रवीण कुमार व दूसरे पक्ष के हिमांशु और राजकुमार को चोटें आई है।
लक्ष्मी देवी की तहरीर पर पुलिस ने हिमांशु, ज्ञान प्रकाश, प्रेम प्रकाश, प्रियांशु, शत्रुघ्न व रजत लाल पर मारपीट का केस दर्ज किया है। थाना प्रभारी चंद्रभूषण मौर्य ने बताया कि मारपीट में दूसरे पक्ष के दो लोग चोटिल हुए हैं। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी। सभी को पुलिस ने इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।