विकास खंड नेवादा के बसुहार ग्राम प्रधान पर आवासीय पट्टा आवंटन प्रस्ताव में वसूली की शिकायत तहसील दिवस में डीएम से पूर्व प्रधान ने की। आरोप लगाया कि अपात्रों से मोटी रकम लेकर आवासीय पट्टे का प्रस्ताव तहसील भेज दिया गया है। डीएम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच का निर्देश तहसीलदार को दिया है।
पूर्व प्रधान संगम लाल मिश्र मंगलवार को तहसील दिवस चायल में डीएम अखंड प्रताप सिंह से मिले। आरोप लगाया कि गांव की बेशकीमती भूमि का आवासीय पट्टा प्रधान द्वारा किया गया है। इसके लिए लगभग दो सौ अपात्रों से प्रधानपति ने मोटी रकम लेकर प्रस्ताव एसडीएम के यहां भेज दिया है। जबकि पात्रों को पट्टे से पूरी तरह वंचित रखा गया है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए डीएम ने तहसीलदार को बुलाया। निर्देशित किया कि मामले की जांच रिपोर्ट दिए बगैर प्रस्ताव की स्वीकृति नहीं की जाएगी। यदि प्रस्ताव में अपात्रों का नाम है तो उसे तत्काल निरस्त करते हुए रिपोर्ट भेजें।