केशौवापुर गांव के समीप मार्ग हादसे के बाद जुटी भीड़
पुलिस व एनएचएआई की लापरवाही का खामियाजा प्रयागराज के एक और परिवार को सोमवार को उठाना पड़ा। नेशनल हाईवे पर खड़ी दुर्घटनाग्रस्त कार को नहीं हटवाने के कारण प्रयागराज से कानपुर जा रही दूसरी कार उसमें टकरा गई। हादसे में कार सवार दो महिला समेत तीन लोग जख्मी हो गए। स्थानीय अस्पताल में इलाज कराने के बाद सभी लोग गंतव्य के लिए रवाना हो गए हैं।
प्रयागराज के अतरसुइया मोहल्ला निवासी सतीश रविवार को ममता के साथ कार से कानपुर जा रहे थे। कोखराज कोतवाली के केशौवापुर के समीप शाम पांच बजे अचानक बम्हरौली गांव का लालता प्रसाद कार के सामने आ गया। टक्कर लगने से लालता की मौत हो गई। बेकाबू कार डिवाइडर से टकराकर क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा और कार सवारों को इलाज कराने के बाद घर भेज दिया। इसके बाद क्षतिग्रस्त कार के मलबे को सड़क से पुलिस ने नहीं हटवाया। सोमवार को फिर प्रयागराज से गढ़ी कला लीडर रोड निवासी अल्ताफ कार से रूही बेगम, निशा बानो के कार से कानपुर जा रहा था। सड़क पर खड़ी क्षतिग्रस्त कार के समीप जैसे ही वह पहुंचा तभी पीछे से तेज रफ्तार वाहन ने ओवरटेक किया। अल्ताफ ने कार को साइड में किया तो क्षतिग्रस्त कार से टकरा गया।
-
शुक्र है रात को नहीं हुआ कोई हादसा
कल्यानपुर। स्थानीय लोगों में चर्चा रही रात भर कार हाइवे पर खड़ी रही लेकिन पुलिस ने उसे हटवाना मुनासिब नहीं समझा। अगर रात को कोई वाहन क्षतिग्रस्त कार से टकराता तो जनहानि से इन्कार नहीं किया जा सकता है।
थाने में ही खड़ी रहती है क्रेन
हाईवे पर अक्सर हादसे होते रहते हैं। खासकर ट्रकों के टकराने की घटनाएं ज्यादा होती हैं। इस वजह से कोखराज कोतवाली में ही पुलिस विभाग की एक क्रेन खड़ी रहती है। इसके अलावा बड़ी घटनाओं में एनएचएआई के क्रेन की मदद ली जाती है।
-
वर्जन
क्रेन नहीं मिलने के कारण क्षतिग्रस्त कार नहीं हटवाई जा सकी थी। कार सवार को देखकर चलना चाहिए था। क्रेन मिलने पर क्षतिग्रस्त कार हटवा दी जाएगी।
विनोद मौर्या, इंस्पेक्टर कोखराज