चरवा। बस्ती के बीच से होकर खींची गई हाईटेंशन की बिजली लाइन को लेकर शुक्रवार को ओदारपुर गांव के लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। हाईटेंशन लाइन के तार से किसी भी रोज हादसे की आशंका से भड़के ग्रामीणों ने फ्यूज उड़ाकर बिजली आपूर्ति बाधित कर दी। सूचना पर गांव आए अवर अभियंता से भी लोगों की कहासुनी हुई। लाइन सिफ्टिंग की मांग कर रहे लोगों ने तमाम प्रयास के बाद भी बिजलीकर्मियों को फ्यूज नहीं जोड़ने दिया। अवर अभियंता शिवबाबू ने बताया कि उन्होंने उच्चाधिकारियों को घटना की जानकारी दे दी है।
चायल तहसील के ओदारपुर गांव में बिजली की सप्लाई मनौरी उपकेंद्र से की जाती है। इसके लिए 11 हजार की हाईटेंशन लाइन खींची गई है, जो ओदारपुर बीच गांव से है। साथ ही गांव के अंदर ही ट्रांसफार्मर भी लगा हुआ है। गांव के रहने वाले जंग बहादुर, जगतलाल, विजय बहादुर, राजेश कुमार, बलराम, बलवंत कुमार, बचईलाल, अमर सिंह, संदीप कुमार, चंद्रपाल आदि ने बताया कि बरसों पुरानी लाइन के तार जर्जर होकर आए दिन टूटते रहते हैं। इससे किसी भी रोज बड़ा हादसा भी संभव है।
लोगों का कहना है कि कई बार बिजली विभाग के अधिकारियों को प्रार्थना पत्र देकर बिजली लाइन की सिफ्टिंग और ट्रांसफार्मर को गांव के बाहर लगवाने की मांग की गई, लेकिन अफसर बेफिक्र बने हैं। बिजली विभाग के अधिकारियों की इसी अनदेखी पर शुक्रवार को ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। तमतमाए लोगों ने फ्यूज काटकर गांव के भीतर से होकर गुजरी लाइन की सप्लाई रोक दी। सूचना पर आए अवर अभियंता ने लोगों को समझाने का प्रयास किया, तो लोग उन्हीं से भिड़ गए। ग्रामीणों ने बिजली कर्मियों को फ्यूज नहीं जोड़ने दिया। अवर अभियंता ने बताया कि गांववाले बिजली लाइन की सिफ्टिंग पर अड़े हैं। जिसकी जानकारी उच्चाधिकारियों को दे दी गई है।