मंझनपुर (ब्यूरो)। सार्वजनिक भूमि पर कब्जे से खफा लौधौर गांव के लोगों का गुस्सा बुधवार को फूट पड़ा। नाराज ग्रामीणों ने प्रधानपति पर ग्राम सभा की जमीन पर कब्जा करने का आरोप लगाते हुए पुलिस कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया। एसपी को शिकायती पत्र देकर कब्जा हटवाने की मांग की। अपर पुलिस अधीक्षक ने ग्रामीणों को मामले की जांच कराकर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
चायल तहसील क्षेत्र के लौधौर गांव निवासी उदय सिंह, चंद्रभान सिंह, रवि सिंह, कौशलेन्द्र सिंह, राजेश सिंह, धनंजय सिंह, नरेन्द्र सिंह, जगदीश सोनी आदि ने बताया कि प्रधानपति ने ग्राम सभा की खाली पड़ी जमीनों पर कब्जा कर निर्माण करा लिया है। विरोध करने पर वह गांव वालों को जान से मारने की धमकी देता है। बताया कि निर्माण के दौरान ही इसकी शिकायत एसडीएम और एसओ से की गई। पर, किसी नेक कब्जे का विरोध नहीं किया। ग्राम प्रधान ने ग्राम सभा की खाली पड़ी दूसरी जमीनों को भी कब्जाने में जुटा है। गांव के लोगों की मानें तो अब प्रधानपति शिकायत करने वालों को देख लेने की धमकी दे रहा है। जिसे लेकर बुधवार को गांव के लोगों ने पुलिस कार्यालय के सामने प्रर्दशन किया। अपर पुलिस अधीक्षक ओपी पांडेय ग्रामीणों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए मामले की जांच कराकर कार्रवाई कराने की बात कही है।