कस्बे के केशव नगर पानी टंकी मोहल्ले में रविवार सुबह पेड़ की डाल काटते समय पास की पुरानी दीवार अचानक भरभराकर गिर गई, जिसकी चपेट में आने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। इलाज के दौरान जिला अस्पताल में युवक मौत हो गई।
केशव नगर पानी टंकी निवासी रवि सोनकर (30) पुत्र शिवप्रसाद सोनकर ऑटो चलाकर अपना परिवार चलाते थे। बड़े भाई महेंद्र सोनकर ने बताया कि रवि रविवार सुबह करीब नौ बजे घर से लगभग 500 मीटर दूर एक व्यक्ति के यहां पेड़ की डाल काटने गया था।
इसी दौरान वहां मौजूद जर्जर दीवार अचानक भरभराकर गिर पड़ी और वह उसकी चपेट में आ गया। मौके पर मौजूद लोगों और परिजनों ने आनन-फानन में उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
रवि आठ भाई-बहनों में भाइयों में दूसरे नंबर का था। परिवार के लोग सब्जी का कारोबार करते हैं। रवि का एक चार माह का बेटा रुद्र है। हादसे की खबर मिलते ही पत्नी आंचल समेत परिजन जिला अस्पताल पहुंच गए।