अजुहा घटना स्थलपर छतिग्रस्त इनोवाकार- संवाद
कस्बे में शनिवार देर रात फतेहपुर के खागा क्षेत्र से उल्टी दिशा से आ रही इनोवा कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में कार सवार छह लोग जख्मी हो गए। दो की हालत गंभीर है। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार पलटकर सर्विस लेने पर जा गिरी। उसके परखचे उड़ गए।
पुलिस के अनुसार प्रयागराज जनपद के पूरामुफ्ती निवासी महताब अली पुत्र सफीक अहमद अपने साथियों के साथ इनोवा कार से खागा अमांव गांव निमंत्रण में गए थे। लौटते समय रात करीब दो बजे अमांव ओवरब्रिज के पास चालक रास्ता भटक गया, जिसके बाद कार उल्टे दिशा में अजुहा कस्बे की ओर बढ़ने लगी। तेज रफ्तार इनोवा लल्ला होटल के पास अचानक अनियंत्रित हुई और हादसा हो गया।
हादसे में महताब अली (25) और अंकित (28) पुत्र लालजी गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं शिव कुमार (32), संजीव कुमार (38), रामकुमार (35), रवि (30), चुन्नू (42) और विजय कुमार (32) सहित कुल आठ लोग जख्मी हुए। घायलों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और एंबुलेंस बुलाकर उन्हें सीएचसी सिराथू भेजवाया। गंभीर रूप से घायल दो लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज हेतु जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
घटना के दौरान आवागमन बाधित हो गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को सड़क से हटवाकर यातायात बहाल कराया और मामले की जांच शुरू कर दी है।