फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kaushambi News: हंगामे के बीच हुई बैठक में 10 करोड़ की कार्ययोजना को मंजूरी

विज्ञापन
विज्ञापन
जिला पंचायत के रत्नावली सभागार में शुक्रवार को हुई मिनी सदन की बैठक में 10 करोड़ रुपये की अनुपूरक कार्ययोजना को मंजूरी मिली। वहीं, दूसरी ओर विभागाध्यक्षों की गैरहाजिरी ने पूरे सदन को हंगामेदार बना दिया। नाराज सदस्यों की मांग पर जिला पंचायत अध्यक्ष कल्पना सोनकर ने अनुपस्थित अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए एक दिन का वेतन काटने का निर्देश जारी कर दिया।
विज्ञापन

बैठक की शुरुआत जिला पंचायत अध्यक्ष कल्पना सोनकर की अध्यक्षता में हुई। मुख्य विकास अधिकारी विनोद राम त्रिपाठी और अपर मुख्य अधिकारी कमलेश सिंह के साथ सभी वार्ड सदस्य मौजूद रहे। जैसे ही कार्यवाही शुरू हुई, खाद-बिजली और पानी की समस्या पर सदन गूंज उठा।
सदस्य अजय सोनी ने किसानों की आवाज उठाते हुए कहा जिले में चार पंप कैनाल हैं लेकिन बताया जाए कितने में पानी चल रहा है। इसके साथ ही उन्होंने पशु चिकित्सालयों में डॉक्टरों की कमी का मुद्दा भी उठाया। इस पर सीवीओ डॉ. अशोक कुमार ने जवाब दिया कि जिले में 15 में से 12 पशु चिकित्सक तैनात हैं, जबकि 24 पशुधन प्रसार केंद्रों में केवल 10 चिकित्सक कार्यरत हैं। स्थिति सुधारने के लिए शासन को रिपोर्ट भेजी गई है।
विज्ञापन

सदस्य यासिफ मंजूर ने असाढ़ा टंकी का संचालन न होने की शिकायत रखी। उन्होंने कहा कि 15 दिन से वॉल्व खराब होने की वजह से लोगों को पानी नहीं मिल रहा है। इस पर जल निगम अधिकारी केवल सफाई देते दिखे। मुंसफ उस्मानी ने परास क्षेत्र में स्वजलधारा योजना की सात टंकियों में से किसी से भी जल आपूर्ति नहीं होने का मुद्दा उठाया। साथ ही उचरावां की गोशाला बंद होने समेत अन्य कई मुद्दे उठाए।
सदस्यों से चर्चा के बाद सदन ने 10 करोड़ की अनुपूरक कार्ययोजना को सर्वसम्मति से मंजूरी दे दी। इसके तहत सभी वार्डों में प्रस्तावित आरसीसी रोड, आरसीसी नाली और अन्य लंबित विकास कार्य पूरे कराए जाएंगे। इस पर सदन ने एक स्वर में सहमति जताई और प्रस्ताव पास कर दिया।

अफसरों पर कसा शिकंजा
- बैठक के दौरान कई विभागाध्यक्षों की गैरमौजूदगी ने माहौल गरमा दिया। सदस्यों ने लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। इस पर अध्यक्षा कल्पना सोनकर ने तुरंत सीडीओ को पत्र लिखकर अनुपस्थित अफसरों से स्पष्टीकरण लेने और एक दिन का वेतन काटने का निर्देश दिया।
-
प्रतिमा और शहीद द्वार बनवाने का प्रस्ताव पास
- बैठक के अंत में जिला पंचायत अध्यक्ष ने जिले के हर प्रमुख चौराहे पर महापुरुषों की प्रतिमा स्थापित करने का प्रस्ताव रखा, जिसे सदन ने सर्वसम्मति से मंजूरी दे दी। साथ ही शहीदों की स्मृति में गांव-गांव में शहीद द्वार बनाने का भी प्रस्ताव पारित हुआ।
-
विधायकों के प्रस्ताव खारिज
- सदन के सामने तीन विधायकों के सात प्रस्ताव रखे गए लेकिन सदस्यों ने यह कहते हुए सभी प्रस्ताव खारिज कर दिए कि जब तक विधायक खुद सदन में उपस्थित नहीं होंगे उनके प्रस्ताव पर चर्चा और मंजूरी नहीं दी जाएगी।
....................
पोस्टमार्टम हाउस में डॉक्टरों की मनमानी पर जिपंस का विरोध
जिले के पोस्टमार्टम हाउस में डॉक्टरों की मनमानी और परिजनों से अवैध वसूली को लेकर वार्ड नं. 26 की जिला पंचायत सदस्य श्यामा देवी ने सदन में आवाज उठाई। उन्होंने अध्यक्ष के माध्यम से सीएमओ को ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि डॉक्टर समय पर नहीं आते और शोकाकुल परिवारों से कफन व सिलाई के नाम पर पैसे वसूले जाते हैं। श्यामा देवी ने मांग की है कि डॉक्टरों की ड्यूटी सुबह 10 बजे से लगे और अवैध वसूली पर रोक लगे। चेतावनी दी कि सुधार न होने पर आंदोलन किया जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें