जिला स्टेडियम में राज्यस्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता का शुभारंभ सोमवार को हुआ। प्रतियोगिता के पहले दिन अंबेडकरनगर, मऊ, फतेहपुर, बुलंदशहर, इटावा, उत्तरकाशी, कौशाम्बी ने अपने मैच जीते। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में 82 जिलों के छात्र प्रतिभाग कर रहे हैं। उद्घाटन मैच जीतकर अंबेडकरनगर ने अच्छी शुरूआत की।
नवोदय विद्यालय समिति नई दिल्ली के क्षेत्रीय कार्यालय लखनऊ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के 82 जिलों के छात्र व छात्राओं की राज्य स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता जिला स्टेडियम में सोमवार से शुरू हुई। दो दिवसीय प्रतियोगिता का उद्घाटन अतिरिक्त मजिस्ट्रेट शिव नारायण सिंह ने किया। इस मौके पर नवोदय विद्यालय के प्रधानाचार्य ओम नारायण तिवारी, जिला क्रीड़ाधिकारी एमएच चौधरी आदि मौजूद रहे। उद्घाटन का पहला मैच लखनऊ पूल ए में शामिल अंबेडकरनगर व वाराणसी पूल ए में शामिल महराजगंज के बीच हुआ। इसमें अंबेडकरनगर ने बाजी मारी। इसके बाद हुए मैचों में मऊ, बुलंदशहर, फतेहपुर, इटावा, उत्तरकाशी, कौशाम्बी ने भी अपने-अपने मैच जीत लिए।