कलक्ट्रेट में एडीएम को मांगो का ज्ञापन सौंपते कांग्रेसी। स्रोत: मीडिया प्रभारी
मेडिकल कॉलेज में चल रही भर्ती प्रक्रिया पर कांग्रेस ने गंभीर अनियमितता का आरोप लगाते हुए मंगलवार को डीएम को संबोधित ज्ञापन एडीएम प्रबुद्ध सिंह को सौंपा। इस दौरान जिलाध्यक्ष गौरव पांडेय ने कहा कि कॉलेज प्रसाशन ने भर्ती का विज्ञापन न तो किसी समाचार पत्र में जारी किया और न ही ऑनलाइन माध्यम से प्रकाशित किया। इस वजह से कई युवा आवेदन करने से वंचित रह गए हैं।
गौरव पांडेय ने आरोप लगाया कि भर्ती के लिए केवल सात दिन का समय दिया गया, जबकि पोर्टल अब तक खुला ही नहीं है। उन्होंने कहा कि 25 से 40 वर्ष की निर्धारित आयु सीमा ने 18 से 24 वर्ष के योग्य युवाओं को अवसर से बाहर कर दिया है। साथ ही चेतावनी दी कि भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और सभी पात्र अभ्यर्थियों को समान अवसर मिलना चाहिए।
उपाध्यक्ष आशीष मिश्रा पप्पू ने कहा कि सरकार युवाओं को रोजगार देने में असफल रही है। इसलिए भर्ती प्रक्रिया में जुगाड़ प्रणाली के जरिये मनचाही नियुक्तियां की जा रही हैं। वहीं जिला उपाध्यक्ष दीपक पांडेय बाबूजी ने कहा कि पूरी भर्ती प्रक्रिया गुप्त तरीके से चलाई जा रही है, जिससे योग्य अभ्यर्थियों को अवसर नहीं मिल पा रहा है।
ज्ञापन के माध्यम से उन्होंने कहना है कि मेडिकल कॉलेज में नियुक्तियों को लेकर पारदर्शिता बरतना जरूरी है, ताकि सभी बेरोजगार युवाओं को समान अवसर मिल सके। इस मौके पर उदय यादव, कौशलेश द्विवेदी, सुरेंद्र शुक्ला, सचिन पांडेय, हेमंत रावत, समर, जमशेद अहमद, मो. अफकार, प्रदीप सिंह पटेल, गोपाल और शनि मौजूद रहे।