हाईवे पर भीटी गांव के समीप रविवार की रात हुए सड़क हादसे में भरवारी के एक युवक की मौत हो गई। वह बाइक से अपने दो दोस्तों के साथ किसी काम से मनौरी बाजार गया था। साथ रहे उसके दोनों साथी भी गंभीर रूप से घायल हैं। पुलिस ने लाश पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मचा है।
कोखराज थाना क्षेत्र के भरवारी बाजार निवासी मोहम्मद फैजान (20) पुत्र मोहम्मद फारूक रविवार शाम दोस्त रानू और सादिक के साथ बाइक से मनौरी बाजार गया था। रात करीब 10 बजे तीनों घर लौट रहे थे। इस दौरान जैसे ही इनकी मोटरसाइकिल हाईवे पर चरवा थाना क्षेत्र के भीटी गांव के समीप पहुंची सामने से आ रही कार से टक्कर हो गई। आमने-सामने हुई इस टक्कर से बाइक समेत तीनों युवक सड़क किनारे खड्ड में जा गिरे। हादसे में फैजान की मौके पर ही मौत हो गई जबकि रानू और सारिक गंभीर रूप से जख्मी हो गए।
दुर्घटना की आवाज और घायलों की चीख-पुकार पर आसपास के लोग दौड़े। ग्रामीणों ने हादसे की जानकारी इलाकाई पुलिस और उनके परिजनों को दी। सूचना पर घटनास्थल पहुंचे परिजन सभी को लेकर अस्पताल भागे। जहां डाक्टरों ने फैजान को मृत घोषित कर दिया जबकि दोनों अन्य घायलों को भर्ती कर लिया गया है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे में हुई युवक की मौत से परिवार में कोहराम मचा है।