मंझनपुर। रेड जोन कानपुर देहात के क्वारंटीन सेंटर से आए दोआबा के पांच युवकों समेत सभी 27 लोगों की जांच रिपोर्ट शनिवार को आ गई। किसी में भी कोरोना वायरस का संक्रमण नहीं मिलने से प्रशासन राहत महसूस कर रहा है। फिर भी एहतियात क्षय रोग अस्पताल में रखे गए पांचों युवकों को 14 दिन का क्वारंटीन पूरा कराया जाएगा। शनिवार को अलग-अलग केंद्र में रखे गए 31 अन्य संदिग्धों के रक्त का नमूना जांच के लिए भेजा गया। फिलहाल अब 54 लोगों की जांच रिपोर्ट का रविवार को इंतजार रहेगा।
लॉकडाउन के बीच मुंबई से घर लौटने के दौरान रेड जोन बने कानपुर देहात में दोआबा के पांच कामगारों को पकड़कर क्वारंटीन कर दिया गया था। 29 अप्रैल को 14 दिन का एकांतवास बिताकर पांचों युवक घर लौटे ही थे कि क्वारंटीन सेंटर पर रहे एक युवक की रिपोर्ट पॉजिटिव आ गई। इसे लेकर डीएम कानपुर देहात ने कौशाम्बी के जिलाधिकारी से संपर्क किया। डीएम मनीष कुमार वर्मा ने अगले ही दिन 30 अप्रैल को जिले के अलग-अलग हिस्सों में रहने वाले सगे भाइयों समेत पांचों युवकों को मंझनपुर स्थित क्षय रोग अस्पताल में क्वारंटीन करा दिया। इन युवकों के रक्त का नमूना लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया था। सीएमओ डॉ. पीएन चतुर्वेदी ने बताया कि खून के 27 नमूने भेजे गए थे। शनिवार को सभी की जांच रिपोर्ट मिल गई। रिपोर्ट निगेटिव आने के बावजूद किसी भी तरह की ढिलाई नहीं की जाएगी। पांचों युवकों को डॉक्टरों की कड़ी निगरानी में 14 दिन का क्वारंटीन पूरा कराया जाएगा। साथ ही इनके परिजनों को होम क्वारंटीन में रहने की हिदायत दी गई है। शनिवार को भी अलग-अलग शेल्टर होम में रखे गए 31 संदिग्धों का ब्लड सैंपल जांच के लिए भेजा गया है। सीएमओ ने बताया कि प्रयागराज में संक्रमितों की संख्या में इजाफा होने के कारण लैब में दबाव बढ़ा है। इस वजह से अब रिपोर्ट आने में 48 घंटे का वक्त लग रहा है। रविवार को जिले की लंबित 54 जांच रिपोर्ट का इंतजार रहेगा।