स्वास्थ्य विभाग की ओर से जिला अस्पताल संग सभी स्वास्थ्य केंद्रों को दिए गए निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
मंझनपुर। कोरोना की वापसी के खतरे को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग की ओर से अलर्ट जारी किया गया है। जिला अस्पताल से लेकर ग्रामीण अंचल के स्वास्थ्य केंद्रों तक महामारी के संदिग्ध मरीजों की एंटीजन व आरटीपीसीआर जांच कराने के निर्देश दिए हैं।
कई राज्यों में कोरोना फिर से अपने पैर पसारने लगा है। पूर्व में महामारी के दौरान जिले में भी करीब पांच हजार लोग इसकी चपेट में आए थे। इनमें से करीब 580 केस तो सिर्फ वर्ष 2022 में सामने आए थे। फिलहाल इस साल कोई नया मरीज जिले में नहीं मिला है। दोबारा यह बीमारी यहां न फैलने पाए, इसके लिए अभी से सतर्कता बरतनी शुरू कर दी गई है। शासन के आदेश पर सीएमओ डॉ. सुष्पेंद्र कुमार की ओर अलर्ट जारी किया गया है। जिला अस्पताल और सभी स्वास्थ्य केंद्रों में सर्दी, खांसी, जुकाम और बुखार के मरीजों को संदिग्ध मान कर कोविड जांच कराने के निर्देश दिए गए हैं। जिला अस्पताल में आरटीपीसीआर जांच के साथ एंटीजन किट से जांच की व्यवस्थाएं हैं। यहां पर पॉजिटिव रिपोर्ट आने पर वैरिएंट की जांच के लिए सैंपल लखनऊ के केजीएमयू की लैब में भेजा जाएगा।
-
सर्दी, खांसी, जुकाम के साथ दर्द भी बढ़ा
जिला अस्पताल के वरिष्ठ फिजीशियन डॉ. संजीव सिंह ने बताया कि कोरोना के सामान्य लक्षण सर्दी, खांसी, जुकाम और सांस लेने में दिक्कत या सांस फूलना ही होते हैं, लेकिन अब इस वायरस का जो नया वैरिएंट आया है उसमें इन दिक्कतों के साथ शरीर में दर्द की समस्या भी होती है। इन लक्षणों को देखकर कोविड का पता नहीं लगाया जा सकता। इसके लिए जांच कराना जरूरी है।
-
फिलहाल जिले में कोरोना का कोई नया मरीज नहीं मिला है। संदिग्ध मरीजों का कोविड टेस्ट कराने के निर्देश दिए है। कोई केस पॉजिटिव मिलेगा तो वैरिएंट की जांच के लिए सैंपल लखनऊ भेजा जाएगा।
डॉ. सुष्पेंद्र कुमार, सीएमओ