अक्षय तृतीया का बाजार सज गया है। मंगलवार को अक्षय तृतीया के मौके पर व्यापारियों को अच्छा कारोबार होने की उम्मीद है। क्योंकि इस दिन सोना-चांदी खरीदना शुभ माना जाता है, इस वजह से शहर के तमाम ज्वैलरी शो रूम में भीड़ जुटने का अनुमान है। इसके अलावा ऑटो मोबाइल, इलेक्ट्रानिक्स और मोबाइल बाजार की भी चांदी होने के आसार है। बाजार विशेषज्ञों के मुताबिक अक्षय तृतीया पर 200 से 300 करोड़ रुपये तक का कारोबार हो सकता है। ज्वैलरी क्षेत्र की ब्रांडेड कंपनियों ने ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए तमाम ऑफर भी दिए हैं।
होली के बाद से ही बाजार बेहद सुस्त चल रहा है। अब अक्षय तृतीया के मौके पर शहर के बाजार में रौनक लौट आई। सहालग होने की वजह से लोग बहु, बेटी आदि के लिए ज्वैलरी अक्षय तृतीया पर ही खरीदना पसंद करते हैं। इसी वजह से शहर के तमाम ज्वैलरी शो रूम एक दिन पूर्व ही सज गए। सिविल लाइंस स्थित रिलायंस ज्वैलस की ओर से हीरे एवं सोने के गहनों की बनवाई पर 25 फीसदी की छूट का ऑफर दिया गया है। इसी तरह सरदार पटेल मार्ग स्थित तनिष्ठ ने भी गोल्ड ज्वेलरी पर 25 फीसदी की छूट बनवाई पर दी है।
राज रतन, आधुनिक ज्वैलर्स आदि शोरूम को भी सजाया गया है। रानीमंडी स्थित बच्चा जी ज्वैलर्स के अमिताभ टंडन ने बताया कि अक्षय तृतीया पर पायल, अंगूठी, माथे का टीका आदि की ज्यादा बिक्री होती है। उन्होंने बताया कि सोने का रेट सोमवार को 32500 प्रति दस ग्राम एवं चांदी 38500 रुपये प्रति किलो रही। उधर शहर का इलेक्ट्रानिक्स भी गुलजार रहा। विवेकानंद मार्ग, सिविल लाइंस, जानसेनगंज, कटा आदि बाजार में स्थित शोरूम के बाहर फ्रिज, वॉशिंग मशीन आदि उत्पादों को सजा दिया गया। वहीं दूसरी ओर ऑटो सेक्टर में भी इस बार खासी हलचल देखने को मिली।
फी संख्या में लोगों ने बाइक, कार की बुकिंग पहले ही करवा ली है। अब वे मंगलवार को डिलीवरी के लिए संबंधित शोरूम पहुंचेंगे। कान्हा मोटर के एसआर अग्रवाल ने बताया कि अक्षय तृतीया पर बाइक, स्कूटी अन्य दिनों के मुकाबले ज्यादा बिकेेंगे। कहा कि हीरो मोटर्स की स्क्रैच कार्ड स्कीम ग्राहकों के लिए आई हुई है। इसमें गिफ्ट सुनिश्चित है। इसी तरह टीवीएस, होण्डा, मारूति, महिंद्रा, डस्टन, टाटा आदि के शो रूम में भी बुकिंग के लिए लोग गए।