घर से भागे प्रेमी युगल की बरामदगी के बाद उनके परिजनों के बीच बृहस्पतिवार को कोतवाली में सुलह-समझौता हुआ। इसके बाद मंदिर में युवक और युवती ने परिजनों की मौजूदगी में शादी रचा ली।
पुलिस के मुताबिक संदीपनघाट कोतवाली इलाके के एक गांव की युवती का चरवा इलाके के युवक के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों का प्रेम इस कदर परवान चढ़ा कि तीन दिन पहले प्रेमी युगल परिजनों को बिना बताए घर से भाग निकले। युवती के घर वालों की तहरीर पर गुमशुदगी दर्ज कर पुलिस ने प्रेमी युगल को बरामद कर लिया।
युवक और युवती बृहस्पतिवार को थाने लाए गए फिर उनके परिजनों को बुलाया गया। थाने पहुंचे दोनों के परिजनों ने आपस में रजामंदी करते हुए समझौता कर लिया। इसके बाद थाने से कुछ दूर स्थित एक मंदिर में प्रेमी युगल का विवाह संपन्न हुआ।
थानाध्यक्ष विजेंद्र सिंह ने बताया कि दोनों पक्ष थाने में समझौता करने के बाद चले गए थे। युवक-युवती की शादी करने की जानकारी नहीं है, यह उनका व्यक्तिगत मामला है।