महाराष्ट्र के ठाणे में आभूषण कारोबारी से लूट एवं गोली मारकर हत्या में फरार आरोपी शशांक उर्फ सोनू मिश्रा को कौशाम्बी से गिरफ्तार किया गया है। वारदात को अंजाम देने के बाद से आरोपी ने यहां अपना ठिकाना बनाया हुआ था। आरोपी पर सात आपराधिक केस दर्ज हैं।
महाराष्ट्र पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए एसटीएफ से सहयोग मांगा था। पुलिस उपाधीक्षक एसटीएफ शैलेश प्रताप सिंह के नेतृत्व में टीम ने आरोपी को बंधवा रजवार तिराहा मंझनपुर के पास से गिरफ्तार किया है।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसे व उसके दोस्त अंकित यादव उर्फ शिन्टू निवासी कोखराज कौशाम्बी को लूट के इरादे से चरवा निवासी फैजान ने अपने वाहन से सर्विस सेेंटर ठाणे बुलाया था।
इसके बाद वे शहापुर थाना क्षेत्र स्थित आभूषण की दुकान का जनवरी 2024 से रेकी करने लगे, लेकिन लूट करने का मौका नहीं मिल पाया। बीते 29 दिसंबर की रात जब आभूषण दुकान मालिक प्रतिष्ठान बंद कर जाने लगा, तभी गोली मारकर कारोबारी का बैग लूटकर आरोपी फरार हो गए।
बाद में पता चला कि दुकान मालिक की मौत हो चुकी है। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह कौशाम्बी भाग आया था।