गला दबाकर हत्या करने का आरोप
आरोप है कि यहां आरोपी ने युवती से दुष्कर्म किया और गला दबाकर मार डाला। इसके बाद बेखौफ जय सिंह युवती का शव गोद में लेकर उसके घर पहुंचा व बाहर फेंक कर भाग निकला। दिन-दहाड़े हुई सनसनीखेज वारदात से पुलिस महकमें में हड़कंप मच गया। एएसपी समर बहादुर, सीओ सिटी अभिषेक सिंह, इंस्पेक्टर मंझनपुर संतोष शर्मा, फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे व साक्ष्य संकलन किया। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
इनका कहना है
मृतका के भाई ने बताया कि आरोपी ने युवती के साथ एक अश्लील पिक्चर वायरल की थी। हालांकि कुछ देर बाद ही उसने डिलीट इवरीवन कर दिया। इसी बात को लेकर दोनों परिवारों के बीच विवाद हुआ था। मामले में अब तक कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कार्रवाई की जाएगी। - समर बहादुर, एएसपी
आरोपी के घर के बाहर टूटी पड़ी चूड़ियां बयां कर रहीं थीं बर्बरता की दास्तां
मंझनपुर। युवती की हत्या के बाद पूरे मोहल्ले ने अपनी जुबान पर ताला जड़ लिया है। घटना के बाबत कोई कुछ बोलने को तैयार नहीं है। आरोपी के घर का दरवाजा खुला पड़ा था। अंदर रखे अनाज को बकरियां खा रही थी। घर के बाहर बनी सीसी रोड़ पर चूड़ियां टूट कर बिखरी पड़ी थी। इससे जाहिर है कि घटना के पहले सड़क पर ही विवाद हुआ। मृतक के बाल भी उलझे व उखड़े थे। इससे साफ था कि उसकी किस बेरहमी से हत्या की गई। गले में दाहिनी ओर स्याह निशान था। शरीर के कुछ हिस्सों में मिट्टी लगी होने के कारण अंदाजा लगाया गया कि उसे जमीन पर घसीटा गया था।
मृतका के भाई के फोन पर आई थी पिक्चर
पुलिस की फौरी जांच में यह तो साफ हो गया कि मृतका व आरोपी जय सिंह के बीच संबंध थे। इसकी जानकारी किसी को नहीं थी। एक दिन अचानक एक आपत्तिजनक तस्वीर मृतका के भाई के मोबाइल में सेंड हो गई। यहीं से राज खुला व विवाद होने लगा। बस्ती के लोग भी स्वीकार करते हैं कि विवाद हुआ लेकिन कोई खुलकर सामने नहीं आता।
बस्ती में आए दिन होता है झगड़ा, परेशान रहती है पुलिस
करीब 50 घरों की बस्ती में सभी परिवारों के पास मांगने-खाने का धंधा। परिवार के युवा शादी-विवाह में बर्तन धुलने का भी काम कर लेते हैं। बच्चे से लेकर बुजुर्गों तक को नशे की लत है। शराब पीने के बाद अक्सर बस्ती में लोग आपस में झगड़ा करते हैं। इससे पुलिस भी बाखूबी वाकिफ है। लोग एक-दूसरे के विवाद में कभी दखल नहीं देते। बृहस्पतिवार को जब पीड़िता व आरोपी जय सिंह के घरवालों के बीच झगड़ा हुआ तो लोगों ने समान्य बात समझा। लेकिन जब आरोपी जय सिंह गोद में शव लेकर घर से बाहर निकला तो लोगों की रूह कांप गई।