कस्बे के नयागंज मोहल्ले के एक युवक ने अपनी बीवी को तलाक देकर घर से निकाल दिया। इसके पहले विवाहिता की बेरहमी से पिटाई की गई। शिकायत पर कोतवाली पुलिस मामले की जांच कर रही है।
फतेहपुर जिले के हथिगांव गांव की सना बानो की शादी वर्ष 2018 में करारी कस्बे के नयागंज मोहल्ले के मो. जाहिद के साथ हुई थी। सना की छह व चार साल की दो बेटियां हैं। आरोप है कि मो. जाहिद नशे का आदी है। करीब दो साल से वह आए दिन उसके साथ मारपीट करता है। पांच दिन पहले भी जाहिद ने सना को मारपीट कर घर से भगा दिया था। सना दो बच्चियों को लेकर मायके गई।
भाई ने दोनों को समझा-बुझाकर वापस ससुराल करारी भेजा। आरोप है कि शुक्रवार की दोपहर जाहिद उसे मारापीटा और तलाक देकर बेटियों के साथ घर से बाहर निकाल दिया। साथ ही सारा समान बाहर फेंक दिया। पीड़िता ने कोतवाली पहुंचकर मामले की शिकायत की। इंस्पेक्टर विनीत सिंह ने बताया कि हल्का इंचार्ज को मौके पर भेज कर जांच कराई जा रही है। जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।
-
शादी का झांसा देकर युवती से किया दुष्कर्म, शिकायत
सरायअकिल इलाके की युवती ने करारी क्षेत्र के युवक पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने बताया कि करारी क्षेत्र के एक गांव के एक युवक की उसके गांव में रिश्तेदारी है। पांच साल पहले युवक ने शादी का झांसा देकर उसे प्रेमजाल में फंसाकर कई बार दुष्कर्म किया। अब शादी का दबाव बनाने पर आरोपी युवक मुकर रहा है। शुक्रवार को पीड़िता की शिकायत पर करारी कोतवाली पुलिस ने जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है। संवाद