मूरतगंज ब्लॉक के उजिहिनी हसनपुर गांव में समाजवादी पेंशन को लेकर हुए फर्जीवाड़े की जांच एडीओ को सौंपी गई है। एडीओ से तीन दिन के भीतर जांच रिपोर्ट समाज कल्याण अधिकारी ने मांगी है। इस मामले में वीडीओ से भी जवाब मांगा गया है। यह कार्रवाई मंगलवार को अमर उजाला के अंक में खबर प्रकाशित होने के बाद अधिकारियों ने की है।
उजिहिनी हसनपुर की चंद्रावती ने आशा संगिनी के पद पर रहते हुए समाजवादी पेंशन की सूची में अपना नाम डलवा लिया था। इसके अलावा चंद्रावती ने अपने बेटे आनन्द सागर व बेटी प्रिया निषाद को भी इसका लाभ दिलाया था। चंद्रावती की बेटी व बेटा नाबालिग हैं। ग्रामीणों ने इसकी जानकारी प्रधान को दी तो उन्होंने मामले को गंभीरता से लेते हुए सोमवार को समाज कल्याण अधिकारी केके त्रिपाठी से शिकायत की थी। ग्राम प्रधान की शिकायत व सूची का अवलोकन करने के बाद समाज कल्याण अधिकारी ने प्रकरण को संज्ञान में लेते हुए मूरतगंज ब्लॉक में तैनात एडीओ समाज कल्याण से इस मामले की तीन दिन के भीतर रिपोर्ट मांगी।
एडीओ के साथ ही ग्राम विकास अधिकारी से भी उन्होंने जवाब मांगा है। समाज कल्याण अधिकारी का कहना है कि जांच रिपोर्ट मांगी गई है। उन्होंने इस मामले में ग्राम विकास अधिकारी रामभवन से बातचीत की थी। ग्राम विकास अधिकारी का कहना है कि वह हाल ही में इस गांव में तैनात हुए हैं। फिलहाल उन्हें प्रकरण की जानकारी नहीं है। उन्होंने बताया कि इस फर्जीवाडे़ के लिए जो भी जिम्मेदार हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।