वक्फ संशोधन विधेयक पास होने के बाद जुमे की नमाज को लेकर प्रशासन अलर्ट मोड पर रहा। डीएम मधुसूदन हुल्गी व एसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने भारी पुलिस बल के साथ जिले के मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों, मस्जिदों, संवेदनशील स्थानों का भ्रमण कर कानून-व्यवस्था का जायजा लिया।
जनपद की विभिन्न मस्जिदों में नमाज को सकुशल संपन्न कराए जाने एवं समसामयिक प्रकरणों के दृष्टिगत जनपद के संवेदनशील स्थानों/मस्जिदों के आसपास पुलिस बल की तैनाती रही। नमाज सकुशल संपन्न कराने के साथ ही संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए ड्रोन कैमरे से भी निगहबानी की गई। इसी क्रम में एडीएम ने भी एएसपी के साथ व तीनों सर्किल के एसडीएम ने अपने-अपने क्षेत्राधिकारियों के साथ संवेदनशील स्थानों/ मस्जिदों पर भ्रमण किया।