एआरटीओ कार्यालय में निरीक्षण करते एडीएम। स्रोत: प्रशासन
एआरटीओ दफ्तर में बृहस्पतिवार की दोपहर उस वक्त अफरातफरी मच गई, जब दोनों अपर जिलाधिकारी अचानक छापा मारने पहुंच गए। अफसरों ने दफ्तर के अंदर से एक संदिग्ध युवक को भी पकड़ा। हालांकि, बाद में कोतवाली में पूछताछ करने के बाद उसे छोड़ दिया गया। अफसरों ने चेताया कि दफ्तर में बिचौलिया दिखा तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी को शिकायत मिली कि उप संभागीय कार्यालय में बिचौलियों (दलालों) का जमावड़ा लगा रहता है। दफ्तर में कोई भी काम बिना किसी बिचौलिए के करा पाना संभव नहीं होता है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए डीएम ने एडीएम फाइनेंस अरुण कुमार गोंड व एडीएम न्यायिक प्रबुद्ध सिंह की संयुक्त टीम बनाकर औचक निरीक्षण करने का निर्देश दिया था।
इसी क्रम में बृहस्पतिवार की दोपहर 2 बजे दोनों अफसर अचानक एआटीओ दफ्तर पहुंच गए। कार्यालय का गेट बंद कराकर अंदर मौजूद एक-एक व्यक्ति से गहन पूछताछ करते हुए तलाशी ली। इस दौरान कोर्रों निवासी रामचंद्र दुबे की भूमिका संदिग्ध (मध्यस्थता करते हुए) पाई गई।
अफसरों ने बताया कि रामचंद्र के पास से इरशाद अहमद निवासी अनेठा, लखन सिंह निवासी गिरधरपुर गढ़ी एवं राम मनोहर निवासी मौहरीबाग गोविंदपुर गोरियों के आधार कार्ड मिले। इसके साथ ही शोभा लाल गुप्ता निवासी जलालपुर जवाहरगंज एवं तिल्हापुर का वाहन स्थानांतरण पत्र मिला। उसे पुलिस के हवाले किया गया। संदिग्ध युवक को कोतवाली लाकर पूछताछ करने के बाद शाम को छोड़ दिया गया।
अफसरों ने एआरटीओ को निर्देशित किया कि कार्यालय परिसर में संदिग्ध व्यक्तियों (दलालों) का प्रवेश मिलने पर सख्त कार्रवाई करें। जिससे कि आमजन का शोषण नहीं होने पाए। उन्होंने आमजन से भी आग्रह किया कि परिवहन से संबंधित नया ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने एवं पुराने लाइसेंस का नवीनीकरण आदि घर बैठें बेवसाइट parivahan.gov.in पर ऑनलाइन आवेदन करें। किसी भी दलाल के झांसे में न आएं।
-
खनिजों के अवैध परिवहन में पकड़े गए चार वाहनों के परमिट एवं डीएल निरस्त
दो या इससे अधिक बार खनिजों के अवैध परिवहन में पकड़े गए चार वाहनों से जुर्माना वसूलने के बाद उनका परमिट एवं ड्राइवरों के लाइसेंस निरस्त कर दिए गए हैं। डीएम के निर्देश व खनिज विभाग की रिपोर्ट पर एआरटीओ तारकेश्वर मल्ल ने यह कार्रवाई की है। डीएम ने सख्त रुख अपनाते हुए खनन एवं परिवहन विभाग के अफसरों को नियमित रूप से खनिज वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।