स्पेल बी प्रतियोगिता में सफल होने के बाद प्रमाणत्र के साथ खड़े बच्चे व शिक्षक। स्रोत- शिक्षक
मंझनपुर। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) में बृहस्पतिवार को परिषदीय विद्यालयों के बच्चों की स्पेल बी प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। इसमें जिले के अलग-अलग विद्यालयों के 30 बच्चों ने प्रतिभाग किया। इसमें विजेता व उप विजेता बच्चों को प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया।
डायट प्राचार्य निधि शुक्ला ने कहा कि प्रतियोगिता का उद्देश्य बच्चों की भाषा शैली में सुधार लाना है। इससे बच्चों की हिंदी भाषा के पठन, लेखन व अंग्रेजी भाषा की स्पेलिंग कौशल में सुधार आता है। इसके बाद अलग-अलग स्कूलों के 30 विद्यार्थियों के बीच प्रतियोगिताएं हुईं। यह प्रतियोगिताएं पहले विद्यालय स्तर, फिर विकासखंड स्तर और इसके बाद जनपद स्तर पर आयोजित हुईं।
प्राथमिक स्तर की प्रतियोगिता में प्राथमिक विद्यालय चायल के आदिल अहमद प्रथम, धर्महापुर के राजवीर पटेल द्वितीय, चांदीपुर की करिश्मा तृतीय रहीं। उच्च प्राथमिक स्तर में बैगवां फतेहपुर उच्च प्राथमिक पूर्व विद्यालय के दीपक कुमार प्रथम, उच्च प्राथमिक विद्यालय काजीपुर के जयदीप पटेल द्वितीय, प्रिंस कुमार यूपीएस रामपुर सोहेला तृतीय रहे। कंपोजिट विद्यालय (प्राथमिक स्तर) में तन्वी उपाध्याय कंपोजिट विद्यालय जाठी प्रथम, अलिबा बेगम कंपोजिट विद्यालय रसूलाबाद द्वितीय व दिलीप कंपोजिट विद्यालय पकसराय तृतीय रहे। कंपोजिट विद्यालय (उच्च प्राथमिक स्तर) की प्रतियोगिता में पुनवार की हिमानी चौरसिया प्रथम, कमालपुर की अक्षरा सिंह द्वितीय व सेवढ़ा की नंदिनी निषाद तृतीय रहीं।