चायल (कौशाम्बी)। इलाहाबाद से तीन दिन पहले घर छोड़कर फरार हुई युवती को बृहस्पतिवार को पुलिस ने पिपरी स्थित उसके प्रेमी के घर से बरामद कर लिया। थाने लाकर पुलिस और परिजन घंटों उसे समझाते रहे लेकिन वह प्रेमी के साथ ही शादी करने पर अड़ी रही। मनपसंद शादी करने की सहमति मिलने पर ही युवती परिजनों के साथ घर गई।
पिपरी इलाके के एक गांव का युवक नैनी (इलाहाबाद) स्थित एक निजी हास्पिटल में काम करता है। वहीं काम करने वाली एक युवती से उसके संबंध हो गए।
दोनों ने शादी का फैसला भी कर लिया। युवती के घरवालों को जब इसकी भनक लगी तो उन्होंने उसे अस्पताल भेजना बंद कर दिया। घरवालों की बंदिशों से बगावत करते हुए युवती ने मंगलवार को घर छोड़ दिया। वह सीधे भागकर प्रेमी के यहां पिपरी आ गई। उधर, घर से युवती के गायब होने से पूरा परिवार सन्न रह गया। खोजबीन के दौरान घरवालों को प्रेमी पर शक हुआ तो उन्होंने इसकी नामजद तहरीर थाने में दी। शिकायत पर बृहस्पतिवार को दबिश देकर पुलिस ने प्रेमी के साथ से युवती को बरामद कर लिया।
हालांकि थाने आने पर वह खुद को बालिग बताते हुए प्रेमी के साथ ही शादी करने पर अड़ गई। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने भी उसे लाख समझाने की कोशिश की। मगर वह अपनी जिद पर अड़ी रही। देर शाम परिजन उसकी मनपंसद शादी करने पर सहमति दी। इसके बाद युवती घर लौटने को राजी हुई। एसओ ने बताया कि युवती को घरवालों की सुपुर्दगी में दे दिया गया है।