मंझनपुर। खेल में दमखम दिखाने वाले महर्षि पब्लिक स्कूल पश्चिमशरीरा के बच्चों ने अपनी अभिनय का जलवा बिखेरकर लोगों का मन मोह लिया। बच्चों की अदाकारी देखकर मौजूद लोग स्तब्ध रह गए। दो दिवसीय खेल प्रतियोगिता के समापन समारोह के मुख्य अतिथि रहे एसओ पश्चिमशरीरा ने बच्चों को पुरस्कार प्रदान किया। साथ ही इनकी प्रतिभा की सराहना की। कहाकि ऐसे ही आयोजनों से छात्र-छात्राओं का सर्वागीण विकास संभव है।
महर्षि पब्लिक स्कूल पश्चिमशरीरा में मंगलवार से दो दिवसीय वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता आयोजित की गई थी। प्रतियोगिता के पहले दिन जहां बच्चों ने दौड़, ऊंची-लंबी कूद आदि खेलों में अपना दमखम दिखाया। वहीं दूसरे दिन बुधवार को समापन समारोह में छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया। छोटे-छोटे बच्चों द्वारा पेश किए गए लोक और फिल्मी धुनों पर नृत्य को देखकर मौजूद लोग मंत्रमुग्ध हो उठे। इस दौरान राधा-कृष्ण को समर्पित नृत्य नाटिका को प्रस्तुत करने वाली छात्राओं की अभिनय प्रतिभा को लोगों की जमकर सराहना मिली।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि रहे एसओ पश्चिमशरीरा उमाशंकर यादव ने खेल के विजेता खिलाड़ियों के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले बच्चों को पुरस्कार प्रदान किया। एसओ ने कहाकि किसी भी मायने में ग्रामीण अंचल के बच्चों में प्रतिभा की कमी नहीं है। बस इन बच्चों को तराशने के साथ इनकी प्रतिभा के प्रदर्शन को मंच मुहैया करानेभर की जरूरत है।
उन्होंने बच्चों की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहाकि ऐसे ही आयोजनों के माध्यम से बच्चों को सर्वागीण विकास मिलता है। इस मौके पर स्कूल प्रबंधक राजकुमार त्रिपाठी, प्रधानाचार्य सत्येंद्र कुमार, निदेशिका श्रद्धा गुप्ता, केशव केसरवानी, सरोज चतुर्वेदी, शिवम केसरवानी, पूनम देवी, शिखा केसरवानी, श्वेता देवी, मोनिका, मीना केसरवानी, अमर सिंह, भीमसेन, बालकृष्ण त्रिपाठी, वंशीलाल, घूरेलाल आदि मौजूद रहे।