क्षेत्र की एक महिला ने एक युवक पर नशीला पदार्थ खिलाकर अपहरण करने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने बृहस्पतिवार को कोखराज थाने पहुंचकर मामले की शिकायत पुलिस से की, जिस पर पुलिस जांच में जुट गई है।
पीड़िता के अनुसार वह सोशल मीडिया पर सक्रिय थी और इंस्टाग्राम के जरिये उसकी दोस्ती करारी थाना क्षेत्र के रसूलपुर सोनी गांव के एक युवक से हो गई थी। दोनों के बीच करीब तीन-चार महीने से बातचीत चल रही थी।
महिला का आरोप है कि 22 मार्च को वह मायके में गेहूं काटने गई थी। इसी दौरान नियामतपुर गांव के पास युवक ने उसे झांसे में लेकर नशीला पदार्थ खिला दिया और बेहोशी की हालत में ट्रेन से मध्य प्रदेश के सतना ले गया।
होश में आने पर युवक के शादीशुदा होने की जानकारी मिली तो वह किसी तरह उसके चंगुल से निकलकर 26 मार्च को घर लौट आई। थाना प्रभारी चंद्रभूषण मौर्य ने बताया कि पीड़िता का बयान दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।