मंझनपुर स्थित भाजपा कार्यालय के सामने बुधवार दोपहर एक मारुति कार की टक्कर से एक ऑटोे अनियंत्रित होकर पलट गया। इससे किशोर समेत दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि तीन लोग घायल हो गए। हादसे से पीड़ित परिवारों में कोहराम मच गया है। वहीं अन्य हादसों में एक बालक की मौत हो गई और करीब आठ लोग घायल हो गए।
नगर कोतवाली क्षेत्र के तेरहरा गांव का शिवा पुत्र मनोज (12) कक्षा सात का छात्र था। बुधवार दोपहर वह अपने बाबा हनुमान प्रसाद के साथ दवा लेने जिला अस्पताल आया था। घर लौटने के लिए बाबा-नाती मंझनपुर से सिराथू जाने वाले ऑटो पर सवार हो गए। मंझनपुर में ही भाजपा कार्यालय के सामने पीछे से आई बेकाबू मारुति कार ने ऑटो में टक्कर मार दी। इससे चालक नियंत्रण खो बैठा और ऑटो पलट गया। हादसे में ऑटो सवार शिवा के साथ सैनी कोतवाली इलाके के मीठेपुर सयारा गांव निवासी मो. शरीफ पुत्र पीर बक्श (40) की मौके पर ही मौत हो गई। शरीफ मजदूरी करके परिवार का खर्च चलाता था। इनके अलावा शिवा के बाबा हनुमान प्रसाद, सैनी निवासी संतोष कुमार व पूरबशरीरा निवासी कामता प्रसाद घायल हो गए। लोगों ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती करा दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
वहीं त्रिलोकपुर निवासी रीशू पुत्र राजू भट्ट (8) कक्षा तीन का छात्र था। बुधवार शाम वह कोई सामान लेने पैदल ही बाजार जा रहा था। गांव के पास हाईवे पार करते समय इलाहाबाद से कानपुर की ओर जा रहे बाइक सवार ने उसे टक्कर मार दी। इससे रीशू घायल हो गया। शोर पर लोग मौके पर पहुंचे। इस बीच परिजन भी आ गए। परिवार वाले बालक को पास के निजी अस्पताल ले गए। जहां चेकअप के बाद डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इसके बाद गुस्साए परिजनों व ग्रामीणों ने त्रिलोकपुर गांव के समीप ही हाईवे पर शव रखकर जाम लगा दिया। मौके पर पहुंचे सैनी इंस्पेक्टर वाईपी सिंह ने लोगों को समझाकर यातायात सामान्य करवाया। मामले में अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। चरवा कोतवाली क्षेत्र के बरौला गांव का रामबाबू पुत्र हरिहरनाथ बुधवार सुबह बाइक से हंडिया जा रहा था। उसके साथ पड़ोसी अंकित यादव भी था। तियरा मोड़ के समीप सामने से आए साइकिल सवारों से उसकी बाइक भिड़ गई। साइकिल पर करारी कस्बा निवासी अनिल व दिलीप सवार थे। टक्कर होते ही बाइक और साइकिल सवार चारों युवक गिरकर लहूलुहान हो गए। दुर्घटना देख आसपास रहे लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे। लोगों ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
वहीं कोखराज के परऊ मियां का पूरा गांव निवासी रोशनलाल पुत्र कल्लू बुधवार सुबह किसी काम से इमामगंज बाजार गया था। बाजार में ही पीछे से आई कार ने उसकी साइकिल में टक्कर मार दी। इससे वह गिरकर लहूलुहान हो गया। लोगों ने एंबुलेंस को कॉल किया। ग्रामीणों की मानें तो काफी देर तक एंबुलेंस मौके पर नहीं पहुंची। इससे गुस्साए लोगों ने जीटी रोड पर जाम लगाकर हंगामा करना शुरू कर दिया। कोखराज इंस्पेक्टर ने आक्रोशित लोगों को समझाकर किसी तरह जाम खत्म कराया। इसके बाद आवागमन बहाल हो सका। इस दौरान करीब एक घंटे तक जीटी रोड पर भीषण जाम लगा रहा। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंगी कतार लगी रही। जिससे यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। वहीं सैनी क्षेत्र के दारानगर गांव का धर्मेंद्र केसरवानी पुत्र गौरी प्रसाद बुधवार सुबह बाइक से बर्तन की फेरी करने जा रहा था। देवीगंज में शरीफाबाद चौराहे के समीप सामने से आए बाइक सवार से उसकी भिड़ंत हो गई। हादसे में धर्मेंद्र घायल हो गया। जबकि दूसरा बाइक सवार मौके से फरार हो गया। बाइकों की भिड़ंत में वहां पर मौजूद छोटा टिलवा गांव की कमला देवी पत्नी लखन भी घायल हो गईं। इसी तरह कमासिन गांव की तीन वर्षीय सुनीता पुत्री राधे सुबह घर के पास ही खेल रही थी। बाइक की टक्कर से वह भी घायल हो गई।