विंध्याचल माता के दर्शन के लिए जा रहे कोल्हुआ (पश्चिमशरीरा) गांव के एक युवक की मंगलवार दोपहर सड़क हादसे में मौत हो गई। चंपहा बाजार में बेकाबू बोलेरो ने कुचल दिया था। हादसे में मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। वहीं अन्य हादसे में पांच लोग घायल हो गए।
पश्चिमशरीरा कोतवाली क्षेत्र के कोल्हुआ गांव निवासी बच्चालाल (45) पुत्र राम दुलार मंगलवार को नवरात्र पर्व पर देवी दर्शन के लिए विन्ध्याचल जाने को घर से निकला था। वह चंपहा बाजार में वह सड़क किनारे खड़ा होकर इलाहाबाद जाने के लिए वाहन का इंतजार कर रहा था। इसी बीच कौशाम्बी की ओर से आई बेकाबू बोलेरो ने उसे कुचल दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कुचलते हुए बोलेरो निकल गई। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हालांकि लोगों के मौके पर पहुंचने से पहले ही चालक वाहन समेत भाग निकला था। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने हादसे की जानकारी लेकर घरवालों को दी। मौत की सूचना पर रोते बिलखते परिजन भी आए।
सरायअकिल कोतवाली क्षेत्र के घोसिया गांव का रहने वाला सलमान मंगलवार सुबह इलाहाबाद से घर आ रहा था। पिपरी के लालापुर गांव के समीप बेकाबू टेंपो की टक्कर से वह बाइक समेत सड़क किनारे गिर गया। इससे उसका एक हाथ-पैर टूट गया। इसी तरह सरायअकिल के पटेल चौराहे के समीप स्कूली वैन ट्रक से टकरा गई। इसमें सवार छात्र अल्फिसा (07) रसूलपुर, गगनदीप (06) फकीराबाद, किरन देवी (05), संयम (07) और सोनी (08) घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने हादसे की जानकारी पुलिस को दी। बच्चों को नजदीक के अस्पताल में भर्ती करा दिया है।