मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रही आशा बहुओं ने मंगलवार की शाम मंझनपुर चौराहा जाम कर दिया। इस दौरान उन्होंने प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। जानकारी होने पर पहुंचे सदर कोतवाल ने समझा-बुझाकर जाम समाप्त कराया।
जिले की आशा बहुएं कई दिनों से सरकारी कर्मचारी का दर्जा देने सहित कई मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रही हैं। मंगलवार की सुबह डायट मैदान में जुटी आशा बहुओं ने पहले मांगों को लेकर भाषणबाजी की। इसके बाद सिर पर काली पट्टी बांधकर नारेबाजी करते हुए मंझनपुर चौराहे पर पहुंची। सैकड़ों की संख्या में आशा बहुओं ने करारी-सिराथू-भरवारी मार्ग जाम कर दिया। आधे घंटे तक जाम लगने से चारों ओर वाहनों का काफिला लग गया।
इस दौरान आशा बहुओं ने अखिलेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। चेतावनी दिया कि उन्हें सरकारी कर्मचारी का दर्जा नहीं मिला तो वह आने वाले समय में इसका मुंहतोड़ जवाब देंगी। जानकारी होने पर पहुंचे सदर कोतवाल मो. हासिम ने आशा बहुओं को समझा-बुझाकर शांत कराया तब कहीं जाकर जाम समाप्त हुआ। जाम करने वाली आशा बहुओं में संगठन की अध्यक्षा रहनुमा बानो, सुधा देवी, गायत्री देवी, अनीता देवी, सुनीता देवी, पुष्पा देवी, कमला समेत जिले भर की आशा बहुएं शामिल रहीं।