बारा। सरायअकिल क्षेत्र में ससुरालियों की पिटाई से घायल युवक की छठवें दिन बुधवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि ससुराल के लोग पिटाई के बाद उन लोगों को बिना सूचना दिए एसआरएन अस्पताल में गंभीर अवस्था में भर्ती करा दिया। चार दिन तक घर न लौटने पर परिजन ससुरालियों से पता किए तो उन्हें घटना के बारे में जानकारी हुई।
कौशाम्बी थाना क्षेत्र के कोसम इनाम गांव निवासी शिवमूरत (38) 21 नवंबर को अपनी पत्नी गीता देवी को घर वापस लाने के लिए सरायअकिल थाना क्षेत्र के सुरसेनी गांव गया था। परिजनों के अनुसार पति–पत्नी के बीच एक सप्ताह पहले कहासुनी हुई थी, जिसके बाद पत्नी मायके चली गई थी।
मृतक की मां गुलबसिया देवी का कहना है कि चार दिनों तक शिवमूरत घर नहीं लौटा तो उन्होंने फोन मिलाना शुरू किया, लेकिन मोबाइल बंद मिला। मंगलवार को बेटे की खोज में सुरसेनी गांव पहुंचीं, जहां ग्रामीणों ने बताया कि शिवमूरत को गंभीर चोटों की वजह से प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मां अस्पताल पहुंचीं तो शिवमूरत मरणासन्न हालत में मिला। इसी बीच बुधवार भोर में उसकी मौत हो गई।
गुलबसिया देवी ने आरोप लगाया कि पति–पत्नी के विवाद को लेकर ससुराल वालों ने उनके बेटे की जमकर पिटाई की, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई और बाद में मौत हो गई। उन्होंने चार लोगों को नामजद करते हुए सराय अकिल थाने में तहरीर देकर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
हालांकि प्रभारी निरीक्षक वीर प्रताप सिंह ने बताया कि मामले की जानकारी प्राप्त की जा रही है। पीड़िता की तहरीर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।