फेसबुक पर हुई दोस्ती युवक को भारी पड़ गई। ऑनलाइन बातचीत के जरिए बढ़ी नजदीकी के बाद एक महिला ने निवेश के नाम पर युवक से 37 लाख रुपये ठग लिए। पीड़ित की तहरीर पर साइबर थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एफआईआर के मुताबिक कौशाम्बी थाना क्षेत्र के महिला उपरहार निवासी विवेक द्विवेदी ने बताया कि करीब चार महीने पहले फेसबुक पर वाणी शर्मा नामक महिला से उसकी दोस्ती हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच व्हाट्सएप पर बातचीत शुरू हो गई। धीरे-धीरे विश्वास बढ़ता गया।
इसी दौरान महिला ने खुद को एक कंपनी में कार्यरत बताते हुए निवेश पर भारी मुनाफे का झांसा दिया। शुरुआत में छोटे-छोटे निवेश पर 30 प्रतिशत लाभ दिखाकर भरोसा जीत लिया गया। इसके बाद युवक को पांच लाख, 10 लाख और 18 लाख तक की स्कीमें दिखाकर बड़ा निवेश करने के लिए महिला ने प्रेरित किया।
झांसे में आकर विवेक ने अपने और पत्नी के खाते से कुल 37 लाख रुपये का निवेश कर दिया। आरोप है कि बाद में उससे 24 लाख रुपये और जमा करने की मांग की गई। विरोध करने पर उसकी रेटिंग गिरा दी गई और अब आरोपी महिला का संपर्क भी टूट गया है।