कोखराज कोतवाली इलाके के एक गांव में मंगलवार शाम टॉफी का लालच लेकर एक बालक से उसकी उम्र से तीन गुना बड़े युवक ने कुकर्म किया। बालक दर्द से बिलखता रहा लेकिन कुकर्मी को तरस नहीं आया। हवस मिटाने के बाद आरोपी बालक को जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकला। गंभीर हालत में बालक को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इलाके के एक गांव में रहने वाला सात वर्षीय बालक मंगलवार शाम जंगल की तरफ अपने मवेशियों को चरा रहा था। इस दौरान गांव का मिथलेश (21) वहां पहुंचा और उसने बालक को टॉफी दिलाने का लालच दिया। आरोप है कि वह बालक को सूनसान स्थान पर ले गया और वहां उसके साथ कुकर्म किया। खून से लथपथ बालक को मिथलेश जान से मारने की धमकी देता हुआ भाग निकला। घर पहुंचे बालक ने पूरी घटना अपनी मां को बताई तो वह सन्न रह गई।
उधर, बालक की हालत बिगड़ती जा रही थी। रात को ही मामले की सूचना कोखराज पुलिस को दी गई। पुलिस ने बालक के बाबा की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। बालक को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल में बालक का इलाज करने वाले बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. विश्व प्रकाश बताते हैं कि घटना से बालक काफी सहमा है। उधर पुलिस का कहना है आरोपी की तलाश में दबिश दी गई लेकिन वह घर से भागा है।
इनका कहना है
मंगलवार को कोखराज थाने में एक बालक के साथ अप्राकृतिक दुष्कर्म की शिकायत मिली थी। घटना की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपी की गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।
- हेमराज मीना, एसपी