तहसील में सोमवार को भूमि बैनामा के नाम पर एक महिला के साथ धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोप है कि असंक्रमणीय भूमि का बैनामा नहीं होने पर महिला का एक लाख रुपये लेकर विक्रेता भाग निकला। पीड़िता ने थाने जाकर आरोपी युवक के खिलाफ तहरीर दी है।
चरवा के मलाक नागर उर्फ बिराहिमबाद की सुनीता देवी ने बताया कि गांव के एक युवक ने अपनी नौ बिस्वा पट्टे की भूमि को पांच लाख रुपये में बेचने का उससे सौदा किया था। सोमवार को तहसील परिसर में बैनामा के लिए सुनीता ने उसको एक लाख रुपये नकद दिए और वह अपने बेटे के साथ खतौनी निकालने के लिए एकल खिड़की पर चली गई। जहां पता चला कि सौदे वाली भूमि असंक्रमणीय है।
इस बीच युवक एक लाख रुपये लेकर फरार हो गया। पीड़िता ने गांव पहुंच कर पैसे मांगने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी पैसे लौटाने से इन्कार करते हुए अभद्रता पर उतारू हो गया। पीड़िता ने चरवा कोतवाली में आरोपी युवक के खिलाफ तहरीर दी है। इंस्पेक्टर महेश सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। मामले की जांच की जा रही है।