शॉर्ट सर्किट से लगी आग में जलता ट्रक- संवाद
सैनी के कमासिन चौराहे पर शनिवार की रात शॉर्ट सर्किट होने से एक मोटर गैराज में आग लग गई। घटना में गैराज में खड़ी ट्रक समेत अन्य सामान जलकर नष्ट हो गया। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
मीठेपुर सयारां गांव निवासी प्रमोद कुमार पुत्र रामभवन की कमासिन चौराहे पर मोटर रिपेयरिंग की दुकान है। प्रमोद ने बताया कि शनिवार की शाम ट्रक खड़ी कर दुकान बंद करने के बाद घर चले गए। आधी रात के करीब बिजली वायरिंग में शॉर्ट सर्किट होने से दुकान में आग लग गई।
गैराज से धुएं का गुबार उठते देख आसपास के लोगों ने जानकारी प्रमोद को दी। इसके बाद दुकान मालिक ने फायर स्टेशन में सूचना दी। घंटे भर की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। दुकानदार ने मुआवजे के लिए सिराथू एसडीएम योगेश कुमार गौड़ को प्रार्थना पत्र दिया है।