a person hang himself in kaushambi
- फोटो : KAUSHAMBI
करारी। कस्बे के चक हिंगुईपर मोहल्ले में बुधवार रात एक युवक ने कमरे के अंदर फांसी लगाकर जान दे दी। सुबह परिजनों को जानकारी हुई तो कोहराम मच गया। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
चक हिंगुई मोहल्ला निवासी फरमान (25) पुत्र स्व. बाबू खान रोजाना की तरह बुधवार रात भी खाना खाने के बाद अपने कमरे में सोने चला गया था। बाहर बरामदे में उसकी मां नूरी सो रही थी। आधी रात को फरमान के मोबाइल पर बेल बज रही थी, घंटी बजने के बावजूद जब फोन नहीं रिसीव हुआ तो उसकी मां नूरी कमरे के अंदर गई। भीतर का नजारा देख उसकी चीखें निकल गईं। भीतर छत के चुल्ले से फरमान फांसी पर लटक रहा था।
चीख-पुकार सुन जुटे मोहल्ले वाले उसे फांसी से उतारते कि इससे पहले ही उसकी सांसें थम चुकी थी। फरमान के पिता सागर मध्यप्रदेश के रहने वाले थे। वह रेलवे में सर्विस करते थे। रिटायर होने के बाद दो साल पहले उनकी मौत हो चुकी है। मां नूरी का मायका करारी कस्बे के चक हिंगुई मोहल्ले में है। पति की मौत के बाद दो साल से नूरी यहीं मकान बनवाकर बेटे फरमान के साथ रह रही है। साल भर पहले फरमान की शादी पक्की हुई थी।
फिलहाल, मौत का कारण स्पष्ट नही हो सका है। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इंस्पेक्टर अशोक कुमार का कहना है कि घर पर सिर्फ मां बेटे रहते थे। मौत का वजह नही पता चल सकी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।