बंदियों के द्वारा तैयार की जा रही मां दुर्गा की प्रतिमा। स्रोत- जेल प्रशासन
जिला जेल में इस बार शारदीय नवरात्र का पर्व खास अंदाज में मनाया जाएगा। जेल परिसर में ही मिट्टी से मां दुर्गा की भव्य प्रतिमा तैयार की जा रही है। तीन दिन से कैदियों प्रतिमा निर्माण का काम कर रहे हैं। रविवार शाम प्रतिमा पूरी तरह से तैयार हो गई है। सोमवार को इसे स्थापित कर पूजा-अर्चना होगी।
जेल अधीक्षक अजीतेश कुमार ने बताया कि कैदियों ने स्वयं ही इच्छा जताई थी कि जेल की मिट्टी से मां दुर्गा की प्रतिमा बनाकर नवरात्रि का पर्व धूमधाम से मनाया जाए। उन्होंने कहा कि नवरात्रि का उद्देश्य भलाई के रास्ते पर चलना और जीवन को सुधारना है। जेल में सैकड़ों बंदी व्रत रखकर पूजा-पाठ करेंगे। उन्हाेंने कहा कि जेल के भीतर कई बंदियों में कला छिपी हुई है। प्रतिमा निर्माण से न केवल उनकी प्रतिभा सामने आई, बल्कि अन्य कैदियों को भी सीखने का अवसर मिला है।