फाइलेरिया बीमारी से ग्रसित तीरथ लाल थारू। संवाद
मच्छर के एक संक्रमण ने मखऊपुर निवासी तीरथ लाल थारू की जिंदगी मुश्किल कर दी है। वह पिछले 15-16 साल से हाथीपांव (लिम्फैटिक फाइलेरियासिस) की बीमारी से जूझ रहे हैं। पैर में लगातार सूजन और दर्द के कारण उन्हें चलने-फिरने और मजदूरी करने में परेशानी होती है। बृहस्पतिवार को मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. संजय कुमार की अध्यक्षता में सीएमओ कार्यालय सभागार में आयोजित फाइलेरिया उन्मूलन कार्यशाला में उन्होंने अपनी आपबीती सुनाई।
तीरथ लाल ने बताया कि फाइलेरिया बीमारी के शुरुआत में उन्हें बुखार और ठंड लगती थी। प्रयागराज के निजी अस्पताल में इलाज कराने पर बुखार तो ठीक हो गया लेकिन बीमारी की पहचान नहीं हो सकी। धीरे-धीरे पैर में सूजन बढ़ती गई। अब बुखार आने पर 15 से 20 दिन और कभी-कभी एक महीने तक चलने में परेशानी होती है। पैर में दर्द और त्वचा संबंधी समस्याएं भी बनी रहती हैं।
मजदूरी करके परिवार का गुजारा करने वाले तीरथ लाल ने बताया कि अब उन्हें सरकारी अस्पताल से नियमित दवाएं और जरूरी किट मिल रही हैं। उन्होंने लोगों से मच्छरों से बचाव करने, मच्छरदानी का इस्तेमाल करने और फाइलेरिया उन्मूलन अभियान के दौरान दवा का सेवन करने की अपील की।
-
19 नवंबर से चलेगा सामूहिक दवा सेवन अभियान
सीएमओ डॉ. संजय कुमार ने बताया कि जिले में 19 नवंबर से सात दिसंबर 2026 तक फाइलेरिया उन्मूलन के लिए सामूहिक दवा सेवन (एमडीए/आईडीए) अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने लोगों से अभियान के दौरान स्वास्थ्यकर्मियों के सामने निर्धारित फाइलेरिया रोधी दवा का सेवन करने की अपील की।