सैनी कोतवाली क्षेत्र के अथसराय गांव के समीप गुरुवार सुबह एक मनोरोगी ने ट्रेन के सामने छलांग लगा दी। इससे उसकी जान चली गई। घटना से पीड़ित परिवार में कोहराम मच गया है।
बताया जाता है कि अजुहा कस्बे के नया नगर मोहल्ला निवासी संतोष कुमार अग्रहरि (30 ) पुत्र स्व.रमेश चंद्र की मानसिक हालत काफी दिनों से खराब चल रही थी। परिजन प्रयागराज के निजी अस्पताल में उसका इलाज करा रहे थे। इधर बीच कुछ आराम भी होने लगा था। बुधवार रात अचानक संतोष घर से गायब हो गया। वह काफी देर तक नहीं लौटा तो परिवार वालों ने खोजबीन शुरू कर दी। सुबह अथसराय गांव के समीप नागा बाबा कुटी के पास रेलवे ट्रैक पर उसकी क्षत-विक्षत लाश मिली। इसकी जानकारी मिलते ही परिजन रोते-बिलखते हुए मौके पर पहुंचे। परिवारीजनों का कहना है कि संतोष ने खुदकुशी की है। घटना के बाद से पीड़ित परिवारीजनों की रो-रोकर हालत खराब है। पुलिस ने जांच के बाद मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।