कोखराज क्षेत्र रामवनगमन मार्ग पर पलटा अनाज से लदा ट्रक। स्रोत: वायरल वीडियो
राम वन गमन मार्ग पर रविवार को रोही गांव के पास पत्थर से टकराकर अनाज से लदा ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में ट्रक चालक और खलासी गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है। पुलिस ने भी घटना स्थल पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि अनाज से लदा ट्रक गोरखपुर से आ रहा था।
रविवार सुबह करीब 11 बजे हाईवे पर पड़े पत्थर की वजह से ट्रक अनियंत्रित हो गया। चालक और खलासी जब तक कुछ समझ पाते अनाज से भरा ट्रक हाईवे के बीचोबीच पलट गया। हादसे की सूचना मिलते ही दर्जनों ग्रामीण मौके पर पहुंचे। चालक और खलासी को केबिन से बाहर निकाला। ट्रक पलटने से उसमें लदा अनाज सड़क पर बिखर गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने बताया कि सड़क पर पड़े पत्थर के कारण हादसा हुआ है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। संवाद
राहगीरों ने खुद हटाए अनाज के बोरे तो खुला रास्ता
राम वन गमन मार्ग पर अनाज से लदा ट्रक पलटने के बाद हाईवे पर पूरी तरह से आवागमन बंद हो गया। गाड़ियों की सड़क पर लंबी कतारें लग गईं। इस दौरान काफी देर तक इंतजार करने के बाद राहगीर गाड़ियों से उतरकर सड़क पर फैले अनाज के बोरों को हटाकर किनारे करने लगे। करीब 20 मिनट बाद बोरों के हटाने पर आवागमन सुचारू हुआ। वहीं, देर शाम तक ट्रक को हटाया जा सका।