कस्बे में रविवार सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकली महिला की बाइक सवार बदमाशों ने चेन लूट ली। मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।
सैनी कोतवाली क्षेत्र के वार्ड नंबर आठ गांधी नगर जीटी रोड निवासी अरविंद कुमार अग्रहरि उर्फ मुन्ना ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी पत्नी शशि देवी अग्रहरि सुबह करीब साढ़े पांच बजे टहलने निकली थीं।
अभय प्रताप सिंह डिग्री कॉलेज के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने सोने की चेन झपट ली और धक्का देकर फरार हो गए। जमीन पर गिरने से महिला घायल हो गई।
सूचना मिलते ही सैनी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और सीसीटीवी कैमरों से आरोपियों की तलाश में जुट गई। हालांकि अभी तक आरोपियों की पहचान नहीं हो सकी है।
सिराथू क्षेत्राधिकारी सत्येंद्र तिवारी ने बताया कि अज्ञात बदमाशों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। करीब एक दर्जन सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए हैं। जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।