पिपरी कोतवाली क्षेत्र के निजामपुर पुरैनी गांव में विवाहिता की तहरीर पर पुलिस ने पति समेत पांच ससुरालियों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज किया है। मामला एसपी के आदेश पर दर्ज हुआ है।
विज्ञापन
निजामपुर पुरैनी गांव निवासी मो. सलीम ने अपनी बेटी शबाना की शादी 28 मई 2022 को गांव के ही ननका उर्फ रईस अहमद के बेटे शकील अहमद से की थी। शबाना के अनुसार पिता ने करीब नौ लाख रुपये खर्च कर शादी की थी। शादी के दो माह बाद ही पति शकील अहमद, ससुर ननका उर्फ रईस अहमद, सास जैतून बेगम, देवर मो. शमीम और मो. आरिफ ने दहेज में पांच लाख रुपये की मांग शुरू कर दी। मना करने पर उसके साथ मारपीट की गई और कई बार मायके भेज दिया गया। बीते 14 अगस्त को मारपीट कर घर से निकाल दिया गया। थाने में तहरीर देने के बावजूद कार्रवाई नहीं होने पर शबाना ने एसपी राजेश कुमार से शिकायत की। एसपी के निर्देश पर पुलिस ने पति समेत पांच ससुरालियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।