चरवा कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में छह महीने पहले 18 वर्षीय युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना के मामले में पुलिस ने बुधवार को कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता की मां के मुताबिक, बीते 26 जुलाई की दोपहर उसकी बेटी खेत में धान की रोपाई करने गई थी। आरोप है कि तभी गांव का ही एक युवक अपने दो अज्ञात साथियों के साथ वहां पहुंचा। आरोपी ने युवती को शादी का झांसा देकर बाइक पर बैठाया और इलाके के ही एक नलकूप पर ले गया। वहां तीनों आरोपियों ने उसके साथ दुष्कर्म किया।
किसी तरह चंगुल से छूटकर युवती घर पहुंची और परिजनों को पूरी घटना बताई। घटना की जानकारी पाकर परिजनों के होश उड़ गए। पीड़िता ने मां के साथ थाने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। इसके बाद पीड़िता की मां ने न्यायालय की शरण ली। न्यायालय के आदेश पर बुधवार को पुलिस ने आरोपी और उसके दो साथियों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश में जुट गई है।