नए वर्ष के पहले दिन दोआबा के लोग पूरी मस्ती में रहे। किसी ने गंगा स्नान के दान-पुण्य कर नए साल की शुरुआत की तो किसी ने मंदिरों में माथा टेका। फेसबुक और व्हाट्सएप पर पूरे दिन नए साल को लेकर ही संदेशों का आदान-प्रदान होता रहा। कई लोग ऐसे भी थे जो परिचितों को फोन करके बधाई देते रहे। कुछ लोगों ने दोस्तों के साथ पार्टी की।
बुधवार की रात लोगों ने नए साल की पूर्व संध्या पर अपने तरीके से जश्न मनाया। दावत और पार्टियों का दौर चला। खासकर युवा वर्ग नए साल के जश्न को लेकर खासा उत्साहित था। देर रात तक पार्टियों का दौर चला। बृहस्पतिवार की भोर से ही लोगों के फोन घनघनाने लगे। लोगों ने अपने करीबियों को सोशल मीडिया पर मैसेज भेजकर बधाई दी।
इसके अलावा फोन करके भी लोगों ने बधाई दी गई। छोटे बच्चों ने घर में बड़े-बुजुर्गों व करीबियों से आशीर्वाद लिया। मंदिरों में रोज की अपेक्षा लोगों की भीड़ ज्यादा रही। जिले के पलहना, संदीपन घाट, कांकरबा, फतेहपुर आदि घाटों पर गंगा स्नान के बाद दान-पुण्य कर नए साल की शुरुआत की। वहीं कुछ लोगों ने कड़ा शीतला धाम, राजापुर में हनुमान जी, चित्रकूट में कामतानाथ व प्रतापगढ़ के मनगढ़ मंदिर में माथा टेका।
कुछ लोग कौशाम्बी का किला देखने गए। कई लोग गांव से बाहर बगीचे व नलकूप में दोस्तों के साथ बाटी-चोखा आदि बनाकर खाते-पीते देखे गए। इसके अलावा तमाम लोगों ने नए साल के मौके पर खराब आदतें छोड़ने का भी संकल्प लिया।
खूब बिके बुके और गुलाब के फूल
नए साल के आगमन पर तमाम लोगों ने अपनी दुकानों को फूलों से सजावट की। इसके अलावा कुछ लोगों ने बुके और गुलाब के फूल देकर एक-दूसरे को शुभकामनाएं दीं। करारी के फूल व्यापारी जावेद माली ने बताया कि नए साल को लेकर उन्होंने पहले ही प्रयागराज के नैनी से गुलाब व गेंदें के फूल मंगवा लिए थे। नए साल पर काफी फूल बिके।