A businessman's body was found hanging from a noose in suspicious condition
- फोटो : KAUSHAMBI
संदिग्ध हालत में फंदे से लटकता मिला कारोबारी का शव
संवाद न्यूज एजेंसी
मंझनपुर। कस्बे के नेता नगर मोहल्ले में शुक्रवार सुबह संदिग्ध हालत में एक कारोबारी का शव फंदे से लटका मिला। पुलिस जांच कर रही है। मृतक के मोबाइल को भी जांच के लिए कब्जे में लिया है।
नेता नगर मोहल्ला निवासी धर्मेंद्र सोनी (25) पुत्र मातादीन सोनी अविवाहित था। धर्मेंद्र ने बम्हरौाली में जूते-चप्पल की दुकान खोल रखी थी। व्यापार चलाने के लिए धर्मेंद्र ने इलाहाबाद बैंक से दस लाख का कर्ज लिया था। बताया जाता है कि गुरुवार रात करीब दस बजे धर्मेंद्र दुकान से आया। रात को उसने 11 बजे के करीब खाना खाया और अपने कमरे में सोने चला गया। शुक्रवार सुबह दस बजे तक धर्मेंद्र कमरे से बाहर नहीं निकला तो मां विट्टन देवी जगाने र्गइं। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। मां की आवाज के बाद भी अंदर से जवाब नहीं मिला तो उसने अपने अन्य बेटे व पति को खबर दी। घरवालों ने लकड़ी के दरवाजे को धक्का दिया तो कुंडी खुल गई। दरवाजा खुलते ही परिजनों की चीख निकल गई। धर्मेंद्र का शव घर के चुल्ले से लटक रहा था। पैर के नीचे एक स्टूल गिरा मिला। धर्मेंद्र का दाहिना हाथ उसके गले व फंदे के बीच फंसा मिला। घटना की जानकारी पर पहुंची सदर कोतवाली पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। धर्मेंद्र के मोबाइल में एक वीडियो कॉल पड़ी थी। पुलिस ने मोबाइल कब्जे में लेकर छानबीन शुरू कर दी है।
----
इनका कहना है
फिलहाल मामला खुदकुशी का लग रहा है। धर्मेंद्र के मोबाइल को जांच के लिए कब्जे में लिया गया है। फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट को भी मौके पर बुलाया गया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद मौत के कारण का पता चल सकेगा।
उदयवीर सिंह, इंस्पेक्टर, मंझनपुर