अंतू थाना क्षेत्र के पश्चिम गांव में बृहस्पतिवार दोपहर खेलते समय चारा मशीन गिरने से मासूम की मौत हो गई। खबर मिलते ही परिजन रोने बिलखने लगे। घटना से परिजन सदमे में हैं।
पश्चिम गांव निवासी संदीप पाल का पांच वर्षीय बेटा अभी पाल दोपहर करीब तीन बजे घर के बाहर खेल रहा था। खेलते हुए वह घर के बगल रखी चारा मशीन के पास पहुंच गया। वह मशीन पकड़कर लटकने लगा। अचानक मशीन असंतुलित होकर अभी पर गिर गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसकी चीख सुनकर परिवार के लोग दौड़े।
चारा मशीन उठाने के बाद गंभीर रूप से घायल अभी को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक ने उसे प्रयागराज एसआरएन रेफर कर दिया। वहां इलाज के दौरान देर शाम उसकी मौत हो गई।
मृतक का पिता संदीप मजदूरी कर परिवार का गुजर बसर करता है। भाई की मौत पर बेटी परी रोते हुए बेसुध हो जाती रही। सीओ सिटी प्रशांत राज ने बताया कि मासूम बालक की मौत प्रयागराज में होने की बात सामने आई है।