संदीपनघाट कोतवाली के रसूलाबाद उर्फ कोइलहा गांव के समीप बृहस्पतिवार सुबह सड़क पार करते समय चार पहिया की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसे की खबर के बाद माैके पर पहुंची पुलिस ने शव शिनाख्त कराने का काफी प्रयास किया। शिनाख्त न होने पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
रसूलाबाद उर्फ कोइलहा गांव के समीप जीटी रोड पर सुबह सड़क पार करते समय अज्ञात चार पहिया वाहन ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही युवक बाइक समेत सड़क किनारे नाले के समीप जा गिरा। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसा होते ही चालक वाहन समेत फरार हो गया। इस दाैरान किसी ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव शिनाख्त कराने का प्रयास किया।
शिनाख्त न होने पर पुलिस ने लिखापढ़ी कर शव को पास्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौके से पुलिस ने बाइक को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। इस दौरान पुलिस को सुराग लगा कि बाइक चोरी की है। पुलिस के अनुसारए बाइक कीडगंज से चोरी हुई थी। इस संबंध में सीओ अभिषेक सिंह का कहना है कि बाइक चोरी की प्रतीत हो रही है। युवक की शिनाख्त कराने का प्रयास किया जा रहा है। शिनाख्त होने के बाद ही मामले में कुछ कहा जा सकता है।