मंझनपुर। प्री-इंटीग्रेशन कैंप में शनिवार को नि:शक्त छात्र-छात्राओं के लिए खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बच्चों ने विकलांगता को ठेंगा दिखाते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। बीएसए ने प्रतिभागियों का जमकर उत्साहवर्द्धन किया।
मंझनपुर में नि:शक्त बच्चों की पढ़ाई के लिए प्री-इंटीग्रेशन कैंप चलाया जा रहा है। शनिवार को कैंप में खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। बालक वर्ग की 50 मीटर दौड़ में अमित प्रथम, मनोज कुमार द्वितीय, संजय कुमार तृतीय, 100 मीटर में नरेश प्रथम, मोहन द्वितीय, विनय तृतीय रहे। जबकि बालिका वर्ग की 50 मीटर दौड़ में सीमा प्रथम, सुनील द्वितीय, जूही तृतीय रहीं। 100 मीटर दौड़ में अमिता प्रथम, सुनीता देवी द्वितीय, शालिनी तृतीय रहीं। ट्राईसाइकिल रेस में करन प्रथम, रामकरन द्वितीय, रजनीश तृतीय रहे। प्रशिक्षक प्रहलाद कुमार और सत्यनारायण ने बच्चों को खेल की बारीकियां बताईं। प्रतियोगिता के समापन कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि बेसिक शिक्षा अधिकारी अशोक कुमार सिंह ने विजेता छात्र-छात्राओं को पुरस्कार प्रदान किया। इन्होंने छात्र-छात्राओं की प्रतिभा की सराहना की। कहाकि इनकी देख-रेख करके प्रतिभा को प्लेटफार्म देने की भी जरूरत है। देश की मुख्य धारा से जुड़ने पर ये बच्चे भी देखवासियों को अपनी सेवा देंगे। साथ ही देश का भी नाम रौशन करेंगे। इस मौके पर जिला समन्वयक समेकित शिक्षा प्रदीप चौधरी, खंड शिक्षा अधिकारी रतनलाल, राजेश त्रिपाठी, रामबाबू दिवाकर, विनोद श्रीवास्तव, रामसरन आदि मौजूद रहे।