मंझनपुर। नकल पर अंकुश लगाने में असफल राजकीय बालिका इंटर कालेज सिराथू की केंद्र व्यवस्थापिका को जिला विद्यालय निरीक्षक ने कार्यमुक्त कर दिया है। इनके स्थान पर प्रवक्ता अंशू सचान को जिम्मेदारी दी गई है। जिला विद्यालय निरीक्षक शुक्रवार को जांच के लिए जीजीआईसी सिराथू गए थे। जहां इमला बोलकर नकल कराई जा रही थी। डीआईओएस ने 5 छात्राओं को नकल करते पकड़ा।
हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा में नकल पर रोक नहीं लग पा रही है। शुक्रवार को इंटरमीडिएट समाजशस्त्र प्रथम प्रश्न की परीक्षा में इमला बोलकर नकल कराई गई। जिला विद्यालय निरीक्षक प्रेम प्रकाश कुशवाहा ने बताया कि शुक्रवार को वे जांच के लिए राजकीय बालिका इंटर कालेज गए थे। बताया कि इस दौरान परीक्षा केंद्र में सामूहिक नकल हो रही थी। इमला बोलकर भी नकल कराई जा रही थी। बताया कि चार लड़कियां नकल करते मिलीं। इनको रिस्टीकेट कर दिया। नकल पर अंकुश नहीं लगा पाने के कारण उन्होंने केंद्र व्यवस्थापिका प्रियंका चौहान को कार्यमुक्त कर दिया। इनके स्थान पर कालेज की प्रवक्ता अंशु सचान को परीक्षा कराने की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं डायट प्रवक्ता बीडी मिश्रा ने हनुमान इंटर कालेज अजुहा में एक छात्रा को नकल करते पकड़ा। बताया जा रहा है कि बोर्ड परीक्षा में अब तक 52 परीक्षार्थियों को रिस्टीकेट किया जा चुका है।