मंझनपुर। पान के दुकानदार शिवशंकर की हत्या जमीन के लालच में अपनों ने की थी। घटना के बाद किसी से रंजिश को नकारने वाले परिवारीजनों ने रविवार सुबह तहरीर देकर परिवार के ही दो सदस्यों समेत तीन लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। हत्यारोपी कुंडा इलाके के रहने वाले हैं। कुंडा में ही विवादित जमीन है। इसी जमीन पर कब्जे को लेकर बीच विवाद चल रहा है। पुलिस ने पिता की तहरीर पर हत्या का केस दर्ज कर लिया है। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि हत्यारोपियों की तलाश की जा रही है।
मंझनपुर कोतवाली क्षेत्र के बभन का पुरा गांव निवासी शिवशंकर पांडेय की धाता में पान की दुकान है। शनिवार शाम दुकान से घर लौटते समय जुबरा गांव के समीप गोली मारकर उसकी हत्या कर दी गई थी। दिवंगत के पिता ने परिवार के दो सदस्यों समेत तीन लोगों को नामजद किया है। पुलिस को घटनास्थल से खून से सनी एक सरिया भी मिली थी। शिवशंकर के पिता बनवारीलाल ने बताया कि उसका पैतृक घर प्रतापगढ़ जिले के कुंडा कोतवाली क्षेत्र के बड़ी चकिया गांव में था। काफी दिनों से वह अपने परिवार के साथ नगर कोतवाली क्षेत्र बभन पुरवा गांव में रहते हैं। बनवारी लाल के मुताबिक पैतृक गांव में जमीन को लेकर उसका अपने भाइयों से विवाद चल रहा है। इसी जमीन की रंजिश में उसके बेटे की शनिवार रात हत्या की गई थी। बनवारी लाल की तहरीर के आधार पर मंझनपुर कोतवाली पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि नामजदों की तलाश की जा रही है। पुलिस ने हत्यारोपियों की तलाश में कुंडा में भी दबिश भी दी, लेकिन खबर लिखे जाने तक कोई पकड़ा नहीं जा सका था।